श्रावस्ती के इकौना मध्य नगर निवासी तीन वर्षीय बालिका बुधवार शाम घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई। जिसकी परिजन तलाश कर रहे थे। उसका शव बृहस्पतिवार मार्ग किनारे तालाब में मिला। सूचना पर पहुंची भिनगा पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मध्य नगर मनोहरापुर के मजरा मध्य नगर निवासी भाईलाल निषाद की पुत्री हिमांशी (3) बुधवार शाम घर के बाहर खेल रही थी। इसके बाद वह लापता हो गई। देर शाम तक मासूम के घर न लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। पूरी रात परिजन उसे तलाशते रहे लेकिन उसका पता नहीं चल सका। संदेह के आधार पर जब परिवार के लोगों ने बृहस्पतिवार गांव के निकट मार्ग किनारे स्थित खड्ड नुमा तालाब में तलाश किया तो मासूम का शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंचे उप निरीक्षक मंदीप यादव ने शव को कब्जे मे लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। मासूम की मौत के बाद परिवारीजनों को रो रो कर हाल बेहाल है।