हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के सभी बोर्डों की परीक्षाएं प्रारंभ होने को है। ऐसे में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पर चर्चा किया। इसका सभी माध्यमिक विद्यालयों में लाइव प्रसारण दिखाया व सुनाया गया। इस दौरान जयप्रकाश नारायण सर्वोदय राजकीय बालिका विद्यालय भयापुरवा भिनगा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य कादंबिनी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से छात्रों को परीक्षा पूर्व तैयारियों के लिए जो प्रेरणा दी गई है। वह कारगर सिद्ध होगी। उन्होंने छात्राओं को शांत व एकाग्र मन से बगैर किसी भय व दबाव के परीक्षा की तैयारी करने की सलाह दिया। कार्यक्रम को अन्य शिक्षिकाओं ने भी संबोधित किया। वहीं इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य घनश्याम ने कहा कि परीक्षा एक प्रक्रिया है। इससे होकर सभी छात्रों को गुजरना पड़ता है। इसे हव्वा न समझें। यह परीक्षा भी सामान्य परीक्षा की तरह है। बस इसमें केवल छात्र अपने विद्यालय के स्थान पर दूसरे विद्यालय में परीक्षा देने जाते हैं। परीक्षा ड्यूटी करने वाले सभी शिक्षक सामान्य शिक्षक ही होते हैं। इसलिए आपको घबराने की कोई जरूरत नहीं है। जब भी कोई परीक्षा देने जाएं अपना प्रवेश पत्र, आधार, पेन पेंसिल, रबड़ व कटर जरूर ले जाएं। अनावश्यक सामान व इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस कदापि न ले जाए। इसी के क्रम में जिले के अन्य विद्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित हुआ। जहां छात्रों ने प्रधानमंत्री को सुना।