यूपी के श्रावस्ती में भट्ठा कुटी मंदिर में तोडफ़ोड़ कर रहे नशेड़ी को रोकना पीआरवी पर तैनात होमगार्ड को महंगा पड़ा। नशेड़ी युवक ने होमगार्ड के जवान की मंदिर में रखे चिमटे से पिटाई कर दी। घायल होमगार्ड को सीएचसी मल्हीपुर ले जाया गया। वहीं पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनहा भावनियापर के मजरा भावनियापुर गांव की है। यहां भट्ठा कुट्टी मंदिर पर थाना क्षेत्र के ही काशीराम पुरवा निवासी माता प्रसाद मौर्या नशे में धुत हो तोड़ फोड़ कर रहा था। इसकी सूचना डायल 112 पर दी गई। इस दौरान पीआरवी पर तैनात आरक्षी सुप्रीत सिंह व होमगार्ड श्यामता प्रसाद वर्मा ने तोडफ़ोड़ कर रहे माता प्रसाद को रोकने की कोशिश की। तभी उसने मंदिर में रखा चिमटा उठाकर होमगार्ड श्यामता प्रसाद पर हमला कर दिया। इससे श्यामता प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी सूचना के बाद मौके पर पहुंची जमुनहा पुलिस चौकी पुलिस ने घायल श्यामता प्रसाद को सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। जबकि आरोपी माता प्रसाद मौर्या को अपने साथ मल्हीपुर थाने ले गई। इस बारे में थानाध्यक्ष मलहीपुर शैलकांत उपाध्याय का कहना है कि होमगार्ड की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया जा रहा है।