यूपी के श्रावस्ती में कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार को कई स्थानों पर मेले का आयोजन किया जाएगा। जहां मेलार्थियों के आने वाली भीड़ को देखते हुए सभी तैयारियां लगभग पूरी की जा चुकी हैं। वहीं प्रशासन ने भी मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए अलर्ट जारी किया है। आज आयोजित होने वाला कार्तिक पूर्णिमा मेला सीसीटीवी व ड्रोन की निगरानी में संपन्न कराया जाएगा। जहां सुरक्षा के मद्देनजर स्टेटिक, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे। कार्तिक पूर्णिमा पर आज शुक्रवार से इकौना के टड़वा महंथ स्थित सीताद्वार झील के किनारे चार दिवसीय विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। जहां पवित्र सीताद्वार झील में हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्नान दान पुण्य कर झील के किनारे स्थित माता सीता का दर्शन करेंगे। इसके साथ ही हरिहरपुर रानी क्षेत्र के लखरांव बाग, सिरसिया के कोयलहवा स्थित जनकपुर में पंचमुखी हनुमान मंदिर, विभूति नाथ मंदिर, ताल बघौड़ा, हरिहरपुर रानी क्षेत्र के लबेदपुर राजघाट, जमुनहा के जगपति नाथ, गिलौला के बेलकर, प्रहलादा कुट्टी, दिकौली के सगरा, खुरखुरी मोड़, बरदेहरा, भंगहा बाजार स्थित हनुमान मंदिर, भकला कुट्टी के कुड़िया समय स्थान, लेंगडी गूलर, कुर्बेनी, बेदौरा सहित जिले के कई अन्य स्थानों पर स्थित जलाशयों के किनारे विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा।