शामली। कांधला क्षेत्र के गांव कनियान स्थित चौधरी रतन पौड़ियां खेल परिसर में रविवार को चौधरी अजीत सिंह इंडोर कबड्डी कोर्ट का उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत चौधरी ने किया गया। यह इंडोर कबड्डी कोर्ट सांसद निधि से निर्मित किया गया है और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर केंद्रीय राज्यमंत्री का कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। उद्घाटन के अवसर पर चौधरी जयंत चौधरी ने कहा कि इस इंडोर कबड्डी कोर्ट के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग के पूर्व अध्यक्ष यशवीर सिंह, सदर विधायक प्रसन्न चौधरी, जिला अध्यक्ष वाजिद अली, थाना भवन विधायक अशरफ अली, योगेंद्र सिंह सहित गण्यमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।