शामली जनपद की सिंगरा गांव निवासी शकुंतला देवी भगवान शिव में गहरी आस्था रखती हैं। वह अब तक 15 बार हरिद्वार से कांवड़ लेकर शामली पहुंच चुकी हैं। इस बार उनकी कांवड़ यात्रा खास रही, क्योंकि उनकी बेटी मनीषा ने भी पहली बार उनके साथ कांवड़ उठाई। शकुंतला देवी ने बताया कि भगवान शिव के प्रति उनकी आस्था वर्षों पुरानी है। इसी श्रद्धा के चलते वह लगातार कांवड़ यात्रा करती आ रही हैं। हर बार कांवड़ लेकर लौटने पर उन्हें आत्मिक शांति और संतोष की अनुभूति होती है। इस बार बेटी के साथ कांवड़ यात्रा करने से उनकी खुशी दोगुनी हो गई। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि उनकी बेटी भी भगवान शिव की भक्ति और सेवा की इस परंपरा को आगे बढ़ाए।