शामली जनपद के कांधला थाना क्षेत्र के गांव जसाला में रविवार की बीती रात चोरी की एक वारदात के दौरान उस वक्त खलबली मच गई जब चोरी का विरोध कर रहे एक युवक सचिन और उसकी मां पर चोरों ने गोली चला दी। दोनों छर्रे लगने से घायल हो गए। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। घटना रात करीब दो बजे की है, जब गांव के अलग-अलग घरों में आधा दर्जन अज्ञात चोर घुस आए और जूते, पानी की थरमस तथा नगदी पर हाथ साफ कर मौके से भागने लगे। इस दौरान गांव निवासी सचिन की घर के बाहर संदिग्ध गतिविधियां देखकर आंख खुल गई। उसने चोरों को पकड़ने की कोशिश की और शोर मचाया। चोरों ने विरोध करते देख सचिन पर फायर झोंक दिया, जिसमें उसके साथ मौजूद उसकी मां को भी छर्रे लग गए। दोनों को परिजनों द्वारा आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत सामान्य होने पर छुट्टी दे दी गई। वहीं, गांव निवासी यशपाल ने बताया कि उनके घर से चोर जूते और थरमस चुरा ले गए। रविंद्र नामक ग्रामीण ने भी बताया कि उसके बाबा के घर से चोर लगभग चार हजार रुपये नकद चुरा ले गए। घटना की सूचना पर कांधला पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।