शामली शहर कोतवाली पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हा गए। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी मोबाइल छीनने की घटना में वांछित थे। बुधवार दोपहर को पुलिस मेरठ-करनाल हाईवे पर काबड़ौत पुल के निकट वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय बाइक पर आए संदिग्ध दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वे पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए जंगल की तरफ भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा किया और जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पैर में गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम महताब और साकिर बताए। दोनों आरोपी कुछ दिन पहले मोबाइल फोन छीनने की घटना में वांछित चल रहे थे। दोनों आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में ले जाया गया है।