कांवड़ यात्रा के दौरान शामली में गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की मिसाल देखने को मिल रही है। मुस्लिम समाज के लोग भी शिवभक्तों की सेवा में पूरे समर्पण के साथ जुटे हैं। कोई निशुल्क उपचार कर रहा है तो कोई कांवड़ियों को फल और खाद्य सामग्री वितरित कर सेवा भाव निभा रहा है। कैराना रोड स्थित शांति केयर ग्लोबल हॉस्पिटल के चिकित्सा शिविर में डॉ. अहान, डॉ. शबनम और उनकी टीम पिछले सात दिनों से शिवभक्तों का निशुल्क उपचार कर रही है। अब तक करीब 8,200 शिवभक्तों का उपचार किया जा चुका है। शिविर में दवाइयों के साथ प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, खुड़ाना गांव निवासी यूट्यूबर दिलशाद रोजाना तीन से चार घंटे मुजफ्फरनगर रोड पर शिवभक्तों को निशुल्क केले, फ्रूटी और अन्य खाद्य सामग्री वितरित करते हैं। कांधला निवासी बिल्ला उर्फ बिलाल भी अपनी कार से कांवड़ मार्ग पर पहुंचकर शिवभक्तों को फल और खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। सेवा में जुटे लोगों का कहना है कि शिवभक्तों की सेवा से मिलने वाला आत्मिक संतोष शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उनका संदेश है कि कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द की यह भावना बनी रहनी चाहिए।