शामली। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद ने शनिवार को शामली में आयोजित सत्ता परिवर्तन यात्रा के दौरान कहा कि हिंदू-मुस्लिम की राजनीति से देश का भला नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को आपस में लड़ाने का काम कर रही है, जबकि देश के सामने बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याएं जैसे बड़े मुद्दे मौजूद हैं। उन्होंने लोगों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि समाज ने समय रहते एकता नहीं दिखाई तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। लिलौन खेड़ी स्थित एक विवाह मंडप में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आज देश का युवा बेरोजगार है और किसान अपनी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने से परेशान है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम नहीं मिल पा रहा है, जबकि सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों के बजाय दूसरे विषयों पर चर्चा कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यह कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में मुस्लिम सड़क पर नमाज नहीं पढ़ते हैं, लेकिन इससे किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने की समस्या का समाधान नहीं होगा और न ही युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की राजनीति का केंद्र जनता के वास्तविक मुद्दे होने चाहिए। स्मार्ट मीटर लगाकर किसानों और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। वहीं बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। उनका आरोप था कि सरकार के पास जनता की समस्याओं का समाधान करने का कोई ठोस एजेंडा नहीं है और वह केवल लोगों को बांटने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा और एकता कायम होगी तो देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकती हैं। इससे बच्चों का भविष्य भी सुरक्षित होगा।