शाहजहांपुर के जलालाबाद में बरसात के मौसम में आने वाली बाढ़ कोलाघाट के निर्माणाधीन पुल में बाधा खड़ी कर सकती है। इसके मद्देनजर सेतु निगम नये पुल के निर्माण से जुड़ा अधिकांश जमीनी कार्य पहले पूरा कर लेने में तेजी से जुटा हुआ है। नये पुल में प्रस्तावित 46 में से करीब आधे 22 पिलर तैयार करने का काम एक साथ चलाया जा रहा है। शासन द्वारा निर्माण संस्था के लिए मार्च 2027 तक यह पुल तैयार करने की समयावधि निर्धारित की गई है ताकि विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र की जनता को नये पुल की सौगात दी जा सके। चूंकि बरसात के मौसम में यह क्षेत्र बाढ़ग्रस्त हो जाता है, उस दौरान निर्माणकार्य प्रभावित होने की आशंका के चलते सेतु निगम खासकर जमीन में होने वाले पाइलिंग जैसे कार्य पहले की निपटा लेने के प्रयास में है।