शाहजहांपुर में बाढ़ राहत शिविर में महिला ने बच्चे को जन्म दिया। एडीएम ने बच्चे का नाम बहादुर रखा है। सुभाषनगर के रहने वाले संजीव मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घर में पानी भरने के बाद संजीव अपनी गर्भवती पत्नी गीता और एक बेटे और बेटी के साथ कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय में बने राहत शिविर में रहने लगे थे। रविवार को गीता को प्रसव पीड़ा हुई। कैंप में मौजूद अन्य महिलाओं ने गीता को प्रसव कराया। उसने बेटे को जन्म दिया। सूचना पर मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। जच्चा-बच्चा की जांच की। दोनों स्वस्थ मिले। जानकारी मिलने पर एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार आश्रय स्थल पहुंचे और मां-बेटे का हालचाल लिया। उन्होंने नवजात के लिए बेबी किट, मिठाई, फल, वस्त्र और जरूरी सामान उपलब्ध कराया। एडीएम ने बच्चे का नाम बहादुर रखा। उन्होंने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में भी जिंदगी ने नई उम्मीद दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी अन्य मदद की आवश्यकता होगी तो प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा। इस मौके पर तहसीलदार सत्येंद्र कुमार, नायब तहसीलदार निशि सिंह, पार्षद विनय सक्सेना, लेखपाल विवेक त्रिवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।