शाहजहांपुर में रविवार देर रात से शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह करीब 10 बजे तक रुक-रुककर होती रही। इसके बाद दोपहर में करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश ने लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत दिलाई। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि बारिश ने शहर में जलभराव की समस्या भी खड़ी कर दी। टाउन हॉल, कवि तिराहा, रोडवेज बस अड्डा, सदर बाजार, लाल इमली चौराहा समेत कई प्रमुख स्थानों पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर की बारिश के दौरान कई लोग रास्तों में ही फंस गए और यातायात की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को भी जलभराव के बीच आवाजाही करनी पड़ी। लोगों के अनुसार, नालों की समय पर सफाई नहीं होने से बारिश का पानी निकासी नहीं हो सका। नालों का पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। लोगों ने नगर निगम से नालों की नियमित सफाई कराने और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान आमजन को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।