शाहजहांपुर के सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के बीबीपुर गांव के पास बुधवार सुबह चालक डीसीएम से नियंत्रण खो बैठा। डीसीएम वाहन ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराने के बाद डिवाइडर पार कर ऑटो से टकरा गया। हादसे में ऑटो सवार सात लोग घायल हो गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज में दो यात्रियों की उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक डीसीएम वाहन शाहजहांपुर की ओर से जा रहा था। अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। वह पहले ट्रैक्टर ट्रॉली को टकराया फिर अपनी लेन पार कर दूसरी ओर जा रहे ऑटो से टकरा गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना पर थाना प्रभारी रोहित सिंह मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे और ऑटो में सवार सात घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। उपचार के दौरान सेहरामऊ दक्षिणी के रहने वाले रमाकांत (30) और हरपाल (25) निवासी गांव रौरा की मौत हो गई। छोटेलाल निवासी सेहरामऊ दक्षिणी, रामवीर निवासी गांव चंदगोई, सतेंद्र निवासी गांव रौरा, कुलदीप निवासी नई बस्ती थाना आरसी मिशन, प्रदीप निवासी गांव रौरा घायल हुए हैं। सूचना पर सीओ सदर अमित कुमार ने मौके पर जाकर मुआयना किया। उन्होंने बताया कि मामले में तहरीर आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।