शाहजहांपुर में काकोरी एक्शन केस के अमर शहीदों की प्रतिमाओं के ध्वस्तीकरण के खिलाफ कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इस कड़ी में नगर निगम की ओर से स्थापित की गई प्रतिमाओं का कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने बृहस्पतिवार को प्रतिमाओं का गंगाजल छिड़क कर शुद्धिकरण किया। इसके बाद नारेबाजी करने के साथ ही देशभक्ति के गीत गाए गए। जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कहा कि बड़े शर्म की बात है कि जिले में चार चार सांसद, तीन-तीन मंत्री, एमएलसी के मुंह से कोई एक बोल नहीं निकला, सब चुप्पी साधे बैठे रहे। शहीद अशफाक उल्ला खां के प्रपौत्र अशफाक उल्ला खां ने कहा कि इतनी जल्दबाजी में ये कदम क्यों उठाया गया? यदि सुंदरीकरण होना भी था तो हम शहीद परिजनों को विश्वास में लेना चाहिए था। इसके बाद कांग्रेसजन हाथों में मशाल लेकर टाउन हॉल, सदर बाजार पैदल मार्च करते हुए खिरनीबाग स्थित शहीद स्तंभ तक पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, पवन सिंह, तालिब खान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रामजी अवस्थी, रफी उल हसन, सईद अंसारी, फैजान अली खान, फुरकान अहमद कुरैशी, गौरव त्रिपाठी, अरुणोद मिश्रा आदि मौजूद रहे।