शाहजहांपुर में सूदखोरों व कर्ज से परेशान होकर रोजा थाना क्षेत्र की दुर्गा एन्क्लेव कॉलोनी में मासूम बेटे को जहर पिलाकर दंपती के आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन सूदखोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तीनों पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने और धमकाने का आरोप है। मृतक सचिन ग्रोवर की सास संध्या मिश्रा की ओर से दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि दामाद ने अपने हैंडलूम व्यवसाय के लिए थाना सदर बाजार क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी निवासी शैंकी आनंद, विक्की बग्गा और चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौक निवासी देवांग खन्ना से ब्याज पर रुपये उधार लिए थे। ये तीनों मनचाहा ब्याज वसूलते थे। संध्या मिश्रा ने आरोप लगाया कि तीनों आरोपी बेटी व दामाद को प्रताड़ित करने के साथ बेइज्जती करने की भी धमकी देते थे। इसी से परेशान होकर बेटी शिवांगी व दामाद सचिन ने चार साल के अपने बेटे फतेह को जहर पिलाने के बाद फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। बुधवार सुबह दंपती के शव कमरे में लटके मिले थे। मासूम का शव बेड पर पड़ा मिला था। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि सचिन ग्रोवर की सास की ओर से दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इस मामले में पांच टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।