शाहजहांपुर में उड़ान एक उम्मीद वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से सर्वाइकल कैंसर से बचाव व एचपीवी टीकाकरण जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव व वैक्सीन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आर्य कन्या इंटर कॉलेज में मंगलवार को हुए कार्यक्रम में होम्योपैथिक चिकित्सक संगीता मोहन ने बताया कि समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवाने व नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता के माध्यम से बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। संस्था की अध्यक्ष नीलम गुप्ता ने बताया कि यह वैक्सीन सरकारी अस्पतालों व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराई जा रही है। संस्था शहर के विभिन्न विद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता अभियान निरंतर चलाएगी। सह सचिव रश्मि गुप्ता, प्रधानाचार्या अनुपमा मौर्य आदि मौजूद रहीं।