शाहजहांपुर में माध्यमिक और परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने मंगलवार को तिरंगा यात्रा निकाली। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर कलक्ट्रेट से तिरंगा यात्रा को रवाना किया। यात्रा कलक्ट्रेट से शुरू होकर खिरनीबाग चौराहा, बिस्मिल पार्क, सदर बाजार, टाउन हाल होकर शहीद द्वार पहुंचा। जहां अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यात्रा में शामिल बच्चे भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए चल रहे थे। बच्चों के साथ शिक्षक और शिक्षिकाएं भी सुर मिलाते नजर आए। डीएम उमेश प्रताप ने बच्चों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम और अमर बालिदानियों के योगदान से अवगत कराया। साथ ही देश की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखने का आह्वान किया। यात्रा में एडीएम प्रशासन संजय पांडे, एडीएम एफआर डॉ. सुरेश, डीआईओएस हरिवंश कुमार, बीएसए दिव्या गुप्ता, स्काउट मास्टर निकहत परवीन, गाइड कैप्टन दपिंदर कौर, जीआईसी प्रधानाचार्य अनिल कुमार आदि शामिल रहे।