शाहजहांपुर में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपियों पर कार्रवाई न होने से आहत पीड़ित परिवार के साथ बहुजन क्रांति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान डीएम और एसपी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया। धरने पर बैठे कटरा के मोहल्ला तहवारगंज निवासी मुन्नालाल ने बताया कि उनके पुत्र अशोक (24) कटरा मंडी स्थित में आढ़त पर नौकरी करता था। आठ जुलाई को आढ़त संचालक अखिलेश, दीपक, राहुल आदि ने अशोक को शाम 4:00 बजे सब्जी की गाड़ी उतारने के लिए बुलाया था। इन लोगों द्वारा साजिश के तहत अशोक की हत्या कर दी और सबको आढ़त के पीछे ले जाकर फेंक दिया। उन्होंने कटरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन आरोपियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित परिवार को डरा धमकाकर समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।