शाहजहांपुर के जीएफ कॉलेज के मैदान में भाजपा नेता निर्भय चंद्र सेठ उर्फ जापान बाबू की स्मृति में टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सोमवार को शाह क्लब को 92 रन से हराकर हर्बल खुटार ने मैच जीता। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी हर्बल खुटार की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर कुल 138 रन बनाए। खिलाड़ी लक्ष्य ने 56, रजनीकांत सिंह ने 23 और लवकुश बघेल ने दस रन का योगदान दिया। दूसरी पारी में शाह क्लब की टीम शुरूआत से ही लड़खड़ा गई। टीम ने 10.5 ओवर में अपने सभी विकेट खो दिए और 46 रन ही बना सकी। इस तरह से हर्बल खुटार टीम ने 92 रनों से शानदार जीत हासिल कर ली। खिलाड़ी जीतू कश्यप ने चार विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी जीती। इससे पहले पुवायां विधायक चेतराम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के साथ ही बैटिंग करके मैच का प्रारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्सावर्धन भी किया। इस मौके पर आयोजक पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, नियामतपुर के ग्राम प्रधान अभय यादव, सोनू, अभय सिंह गुर्जर आदि मौजूद रहे।