शाहजहांपुर में निपुण आकलन के प्रथम चरण की मंगलवार को शुरुआत हो गई। इसके तहत डायट प्रशिक्षुओं ने प्राथमिक विद्यालयों में जाकर कक्षा एक और दो के बच्चों का भाषा व गणित विषय का आकलन किया। यह आकलन मोबाइल के माध्यम से निपुण असेसमेंट एप द्वारा किया गया। ब्लॉक बंडा के प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर में दीपा राठौर व सरिता देवी ने बच्चों का निपुण आकलन किया। प्रशिक्षु शिक्षकों ने बच्चों की उपस्थिति जांचने के साथ उनका ज्ञान परखा और स्कूल से मिलने वाली सुविधाओं जैसे मध्याह्न भोजन, ड्रेस, किताबें, कॉपियां, जूते आदि के बारे में उनसे जानकारी ली। आकलन के दौरान कक्षा एक में सभी नौ और कक्षा दो में सात बच्चे उपस्थित मिले। इस मौके पर प्रधानध्यापक हरीश गंगवार, सुषमा, हरीश बाबू आदि अध्यापक मौजूद रहे। इसी तरह से ब्लॉक निगोही के प्राथमिक विद्यालय चकसफौरा में डायट प्रशिक्षु सोनी गंगवार और स्वाति गंगवार ने निपुण आकलन किया। पूछे गए प्रश्नों में जिनका बच्चों द्वारा सही या गलत उत्तर दिया गया डायट प्रशिक्षुओं ने उसके सामने टिक किया। पैराग्राफ को भी मोबाइल पर ही पढ़वाया गया। डायट प्राचार्य/ डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार मंगलवार को कुल 54 विद्यालयों का आकलन किया गया। निपुण आकलन की यह प्रक्रिया 21 दिसंबर तक चलेगी। इस तरह से निपुण आकलन के प्रथम चरण में जिले के 231 विद्यालयों का आकलन किया जाना है। अवशेष समस्त विद्यालयों का आकलन फरवरी माह में किया जाएगा।