शाहजहांपुर के नगर निगम कार्यालय में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ से जुड़े सफाई कर्मचारियों व डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। लेकिन कोई अधिकारी उनकी समस्या सुनने नहीं पहुंचा। कर्मचारियों ने नगर निगम के अफसरों को भ्रष्ट बताते हुए आरोप लगाए। धरना स्थल पर बैठे महासंघ के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष बबलू चौधरी वाल्मीकि ने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाले कर्मचारियों का चार महीने का वेतन रोक दिया गया है। बिना नोटिस लिए कई कर्मचारियों को हटा दिया गया। नियमानुसार कर्मचारियों का वेतन उनके खाते में भेजना चाहिए, लेकिन भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों द्वारा हाथ में वेतन दिया गया, जोकि गैरकानूनी है। उन्होंने बताया कि शासनादेश का पालन नगर निगम के अधिकारियों द्वारा नही किया जा रहा। उन्होंने कहा कि शाम तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो नगर निगम कार्यालय में कूड़ा भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा। नगर निगम में तालाबंदी की जाएगी। उन्होंने नगर आयुक्त द्वारा पुलिस के माध्यम से धरना समाप्त करने का दबाव बनाए जाने का आरोप भी लगाया।