देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया गया। शाहजहांपुर में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही पड़ोसी जिलों के स्कूलों से बच्चे शहीद पार्क पहुंचे। जहां उन्होंने खूब मस्ती की। विद्यालयों में बाल मेले का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों द्वारा खानपान की वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए, जिन पर छात्र छात्राओं के साथ ही शिक्षक, शिक्षिकाओं की भीड़ जुटी। स्टॉल पर उपलब्ध समोसे, मिर्च पकोड़ा, मोमोज, चाउमीन आदि को खरीदकर उसका आनंद लिया। इसके साथ ही खेल प्रतियोगिताओं को भी कराया गया। जिनमें छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग कर इनाम जीते। चौक स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित बाल मेले में छात्राओं द्वारा लगाए गए स्टॉल का प्रधानाचार्या सोनिया गोयल ने अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इसी तरह से कंपोजिट विद्यालय अटसलिया में आयोजित बाल मेले में छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों के लिए पकवान बनाए गए। विद्यालय की शिक्षिका दपिंदर कौर, निकहत परवीन आदि मौजूद रहीं।