शाहजहांपुर जिले में भारी बारिश के बाद अब पुवायां क्षेत्र में खन्नौत नदी उफान पर आ गई है। पुवायां-निगोही हाईवे पर मंगलवार को सहोरा घाट पुल से कुछ दूरी पर दो फीट तक पानी चलने से आवागमन बाधित हुआ है। इसके अलावा पुवायां-बिलसंडा मार्ग पर खन्नौत नदी के चपरौआ पुल के पास मिट्टी धंसने से आवागमन बंद हो गया है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बंडा-बिलसंडा मार्ग पर खन्नौत नदी पुल के पास सोमवार रातभर एक फीट पानी रोड के ऊपर चलता रहा। हालांकि आवागमन जारी रहा। मंगलवार सुबह पानी कम होने से रोड पर पानी बहना बंद हो गया। इसके अलावा बंडा-बिलसंडा मार्ग से गांव कुइयां महोलिया जाने वाले रोड पर खन्नौत नदी का पानी चलने से आवागमन बंद हो गया। इससे गांव के लोगों को मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। खुटार क्षेत्र में गोमती नदी के जलस्तर में भारी बढ़ोत्तरी होने से सैकड़ों एकड़ फसल डूब गई है। इससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका सताने लगी है। पुवायां के एसडीएम संजय पांडे ने बताया कि टीमें लगाई गईं हैं। बढ़ते जलस्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।