शाहजहांपुर के नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को सिस्टमेटिक एडमिनिस्ट्रेटिव मेकैनिज्म ब्रिंगिंग हैप्पीनेस एंड वैल्यू (संभव) के तहत जनसुनवाई कार्यक्रम का अयोजन किया गया। इसमें अपर नगर आयुक्त एसके सिंह ने शिकायतें सुनीं। इस दौरान काशीराम कॉलोनी निवासी राजरानी अपनी शिकायत लेकर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में वो जिस क्वार्टर में रहती हैं। उसके बाहर ही बब्बू और अबरार नाम के दबंगों ने लकड़ी और फट्टे लगाकर कब्जा कर रखा है। उन्हें आशंका है कि दबंगों द्वारा नाजायज हथियार भी रखे हुए हैं। सार्वजनिक जगह से कब्जा हटाने को कहने पर दबंग मारपीट करने पर उतारू रहते हैं। राजरानी ने बताया कि उनके साथ भी मारपीट की गई। इसकी शिकायत पुलिस से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। नगर निगम में शिकायत करने पर प्रवर्तन दल ने मौके पर जाकर देखा पर कब्जा नहीं हटवाया गया। शिकायत सुनकर अपर नगर आयुक्त एसके सिंह ने प्रवर्तन डाल के अधिकारी को बुलाकर जानकारी ली और कार्रवाई के निर्देश दिए। इससे पहले सुधा त्रिपाठी जन्मप्रमाण पत्र बनवाने को लेकर शिकायत लेकर पहुंची। उनकी शिकायत का त्वरित निस्तारण करवाते हुए जन्मप्रमाण पत्र जारी करवा दिया गया। उनके अलावा एक युवक पड़ोस में स्थित जर्जर भवन हो चुके भवन के कभी भी गिरने की समस्या को लेकर पहुंचा। बताया कि भवन में कोई नहीं रहता। जिस पर अपर नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता निर्माण आशीष त्रिवेदी को मामला दिखवाने का निर्देश दिया। इनके अलावा सफाई, स्ट्रीट लाइट आदि की शिकायतें भी पहुंची, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित को निर्देश जारी किए गए।