शाहजहांपुर में आचार संहिता हटने के बाद मंगलवार को पहली बार सिस्टमेटिक एडमिनिस्ट्रेशन मैकेनिज्म फॉर ब्रींगिंग हैप्पीनेस एंड वैल्यू (संभव) के तहत जनसुनवाई दिवस कार्यक्रम नगर निगम में हुआ। जानकारी के अभाव में मात्र तीन शिकायतें आईं, जिनमें एक का निस्तारण कर दिया गया। जबकि, कंट्रोल रूम के रजिस्टर में शिकायतों का अंबार लगा हुआ है। नगर निगम कार्यालय में मंगलवार सुबह 10 बजे से जनसुनवाई दिवस कार्यक्रम शुरू हुआ। 11 बजे तक कोई भी शिकायत लेकर नहीं पहुंचा। इसके बाद जन्म प्रमाण पत्र न बन पाने की शिकायत लेकर ज़ुल्करनैन आए। उन्होंने नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र को बताया कि करीब एक माह पहले जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था, जो अब तक नहीं बन पाया है। इस पर नगर आयुक्त ने तत्काल कर्मचारी को बुलाकर पूछताछ की। कर्मचारी ने एसडीएम स्तर से कार्य रुके होने की जानकारी दी, तब नगर आयुक्त ने एसडीएम से बात कर कार्यवाही पूरी कराने के लिए कहा।पनी मां के साथ पहुंचे अमर ने बताया, खुद को सफाई कर्मचारियों का नेता बताने वाले गदियाना निवासी एक व्यक्ति ने उनसे काम दिलाने के नाम पर 25 हजार रुपये लिए थे। चार माह ड्यूटी कराई, अब हटा दिया। नगर आयुक्त के निर्देश पर उप नगर आयुक्त संगीता कुमारी ने अमर की समस्या सुनीं। बाद में शिकायतकर्ता से ही आरोपी को बुलाकर लाने के लिए बोल दिया। नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र ने कहा कि आचार संहिता समाप्त होने के बाद फिर से जनसुनवाई शुरू हो गई है। जानकारी के अभाव में कम लोग आए। उनकी शिकायतों को सुनकर संबंधितों को निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं। सामने आने वाली हर समस्या का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।