होली का खुमार चढ़ने लगा है। बड़ों के साथ बच्चे भी मस्ती कर रहे हैं। बुधवार को स्कूली बच्चों ने खूब मस्ती की। गीत गाए, कविताएं पढ़ीं और सहपाठियों को गुलाल से रंग डाला। बुधवार को कंपोजिट विद्यालय, अटसलिया के छात्र-छात्राएं कंधे पर किताबों का बोझ लेकर नहीं पहुंचे थे। स्कूल का माहौल बदला हुआ था। होली के मद्देनजर अध्यापकों व अन्य स्टॉफ ने बच्चों के लिए मस्ती करने की तैयारी कर रखी थी। गालों पर गुलाल लगाने के बाद बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। किसी ने कविता पेश की तो किसी ने होली के महत्व और इतिहास पर प्रकाश डाला।
लोकगीतों पर भी छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति दी। आज बिरज में होली रे रसिया गाने पर बच्चे झूमे। इस बीच शिक्षिका दपिंदर कौर, निकहत परवीन समेत अन्य अध्यापकों व स्टाफ ने उनका हौसला बढ़ाया। बच्चों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। अध्यापकों ने भी बच्चों को होली खेलते समय अपनी सेहत का ख्याल रखने की सलाह के साथ आशीर्वाद देकर छुट्टियों के लिए विदा किया।