शाहजहांपुर जनपद के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग 26.32 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का प्रमुख सचिव मनीष चौहान ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में विश्वस्तरीय सुविधाओं से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और वे प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगे। प्रमुख सचिव ने निर्माणाधीन तरणताल (स्विमिंग पूल), बैडमिंटन हॉल, कबड्डी हॉल और 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निरीक्षण किया। प्रमुख सचिव ने स्टेडियम के लोकार्पण के बारे में जानकारी ली। जिला क्रीड़ा अधिकारी एसपी बामनिया ने बताया कि 19 जुलाई को वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना लोकार्पण करेंगे। प्रमुख सचिव मनीष चौहान ने स्टेडियम में विकसित की जा रही आधुनिक एवं आकर्षक खेल सुविधाओं की सराहना की। इस दौरान सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, डीपीओ ऋषिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।