शाहजहांपुर में भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री व टीसीएल ग्रुप के बीपीएमएस हेड योगेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को आर्डनेंस क्लोदिंग फैक्टरी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया गया। सभा में योगेंद्र सिंह ने कहा कि सरकारी कर्मचारी राष्ट्रीय परिसंघ के आह्वान पर तीन प्रमुख मागों को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है। वर्ष 2004 के बाद भर्ती सभी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दी जाए। एनपीएस, यूपीएस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है। मजदूर संघ के अलावा देश के दो बड़े फेडरेशन कह रहे थे कि वेतन आयोग का गठन नहीं होगा, परंतु संघ के प्रयासों से वेतन आयोग की घोषणा हो गईं है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को अस्पतालों में कैशलैस इलाज के लिए कार्ड प्रदान किया जाए।अध्यक्ष दिनेश सिंह, संचालन महामंत्री अनुज सक्सेना, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विवेक चौरसिया आदि मौजूद रहे।