शाहजहांपुर के अमर बलिदानी ठाकुर रोशन सिंह की जयंती पर बृहस्पतिवार को एनसीसी कैडेट्स ने सद्भावना दौड़ के जरिये श्रद्धांजलि दी। एसएस कॉलेज के कैडेटों ने मीरानपुर कटरा शहीद स्तंभ से रोशन सिंह के पैतृक गांव नवादा दरोबस्त तक 26 किलोमीटर की रिले रेस में दम दिखाया। सूबेदार मेजर सतीश सिंह चौहान, कटरा नगर संघचालक अनूप अग्रवाल, ईशपाल सिंह, धर्मेंद्र कुमार, मचकेंद्र सिंह व संयोजक लेफ्टिनेंट डॉ आलोक कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ के दौरान रास्तों में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों और विद्यालयों के अध्यापक और विद्यार्थियों ने पुष्प वर्षा के माध्यम से स्वागत किया। दौड़ में रास्ते में पड़ने वाले कई गांवों के युवा भी शामिल हुए। दौड़ के समापन पर पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने शहीद रोशन सिंह की प्रतिमा पर कैडेट के साथ पुष्पांजलि अर्पित किया। कार्यक्रम में र्दोष सिंह, विपिन यादव, दीपक शर्मा, सीनियर अंडर ऑफिसर कुलदीप, श्यामा देवी, वीर सिंह यादव, आशु सिंह चौहान, सुहानी मिश्रा आदि मौजूद रहे।