शाहजहांपुर में प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम के जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया। स्टेडियम का 26 करोड़ 32 लाख 76 हजार रुपये की लागत से निर्माण कार्य हो रहा है। शुक्रवार को प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन तरणताल (स्विमिंग पूल) का निरीक्षण किया। जिला खेल अधिकारी एसपी बामनिया ने तरणताल की लंबाई-चौड़ाई व गहराई के बारे में बताया। तरणताल में चेंजिंग रूम व शौचालय, ऑफिस एवं स्टोर रूम आदि निर्माण के बारे में जानकारी दी। मंत्री ने बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल को देखा। बैडमिंटन हॉल की दो दीवारों पर लाइट के नीचे खुली वॉयरिंग को अंडरग्राउंड करने के निर्देश दिए। मंत्री ने पार्किंग, 400 मीटर निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण किया। स्पोर्ट्स स्टेडियम में इंदौर, कबड्डी हॉल, वॉलीबॉल, सिंथेटिक कोर्ट, बाउंड्री वॉल की मरम्मत, सीसीटीवी, आंतरिक रोड इंटरलॉकिंग, खिलाड़ियों के लिए पेयजल के लिए आरओ वाटर आदि कार्य भी निर्माणाधीन है। उनके साथ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, एडीएम न्यायिक राशिद अली आदि मौजूद रहे।