शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी किये जाने के प्रस्ताव पर यूपी की कैबिनेट के मुहर लगाए जाने के बाद नगर के लोगों में खुशी का माहौल है। सोमवार रात जन्मस्थली परिसर में श्री परशुराम जन्मभमि प्रबंध समिति की बैठक संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों और समिति के पदाधिकारियों ने आतिशबाजी की। लड्डू बांटे तथा बैंड बाजा बजवाकर खुशी का इजहार किया। बैठक में सरकार द्वारा जलालाबाद का नाम बदलने की स्वीकृति दिये जाने पर खुशी व्यक्त करते हुए केंद्र तथा प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया गया। इससे पहले सभी लोगों ने भगवान की पूजा अर्चना की। नगर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों पर दीप जलाकर खुशी जताई। समिति के प्रबंधक रामू अग्निहोत्री ने कहा सरकार के इस निर्णय ने लाखों भक्तों की आस्था को सम्मान दिया है। इस मौके पर विनोद चंद्र शर्मा, गोपाल द्विवेदी, दिलीप अग्निहोत्री, प्रदीप मिश्रा, सुधीर गुप्ता, जितेंद्र मिश्रा, मनोज अग्निहोत्री, विजय मिश्रा, टीटू भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।