शाहजहांपुर में स्वतंत्रता दिवस शनिवार को जिलेभर में उत्साह के साथ मनाया गया। सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और निजी प्रतिष्ठानों पर ध्वजारोहण किया गया। कलक्ट्रेट में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। डीएम ने सभी से राष्ट्र को आगे बढ़ाने में अपने-अपने हिस्से का योगदान देने की अपील की। कलक्ट्रेट प्रशासनिक अधिकारी योगेश अग्रवाल ने भी संबोधित किया। गुरु नानक पाठशाला के बच्चों ने देशभक्ति समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि विनाका मौर्य ने देशभक्ति गीत सुनाया। कवि डॉ. इंदु अजनबी के संचालन में हुए कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, एडीएम न्यायिक मो. आवेश, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, एसडीएम प्रियंका चौधरी, अतुल कुमार सिंह, मो. असलम मौजूद रहे। पुलिस लाइन में एसपी सौरभ दीक्षित ने ध्वजारोहण कर पुलिसकर्मियों को एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। नगर निगम में महापौर अर्चना वर्मा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद डीएम और एसपी ने शहीद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। शहीद संग्रहालय में भी रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए।