बिजनौर के मध्य गंगा बैराज और नरौरा बैराज से दो दिन पहले छोड़ा गया करीब दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी मिर्जापुर पहुंचने से गंगा में उफान जारी है। पैलानी समेत कई गांवों तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। गंगा के दोनों किनारों पर खादर में बसे करीब दो दर्जन गांवों की ओर पानी तेजी से बढ़ रहा है। खेतों और गांवों के बाहरी हिस्सों में पानी भरने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भैंसार बांध पर गंगा का जलस्तर 13 सेंटीमीटर बढ़कर 143.28 मीटर गेज पहुंच गया है। हालांकि, नदी अभी खतरे के निशान 143.65 मीटर से 37 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। इसके बावजूद आजादनगर, इस्लामनगर और पैलानी उत्तरी समेत तटवर्ती गांवों के लोगों को बाढ़ की आशंका सताने लगी है। उधर, जलालाबाद-शमसाबाद स्टेट हाईवे पर चौरा बगरखेत गांव के पास फिर पानी आ गया है। करीब 50 मीटर हिस्से में आधा फुट पानी बह रहा है। इसी तरह पैलानी के अंदर तक पानी पहुंच गया। यहां पर एंबुलेंस तक पहुंचना मुश्किल हो रही है। इसी पानी से होकर ग्रामीण आवागमन कर रहे हैं। पुलिसकर्मियों के रोकने के बावजूद लोग जोखिम उठाकर बाढ़ के पानी से गुजर रहे हैं।