शाहजहांपुर में दुकानों में नमूने लेने के नाम पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। यह आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन दिया है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अपूर्वा को सौंपा। ज्ञापन के जरिये व्यापारियों ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में केंद्रीय लाइसेंस होने पर केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी व प्रांतीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी दोनों को अलग-अलग जांच व सर्वे सैंपलिंग के अधिकार दिए गए हैं। इससे भ्रष्टाचार व व्यापारी उत्पीड़न को बढ़ावा मिल रहा है। व्यापारियों ने मांग उठाई है कि एक देश-एक कानून के तर्ज पर एक अधिकारी एक दफ्तर की व्यवस्था लागू की जाए। महानगर अध्यक्ष सलाउद्दीन अख्तर ने कहा कि मांगें पूरी न होने पर प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर लखनऊ तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष सौमित्र गुप्ता, , शशांक कौशिक, राजेंद्र गुप्ता, अनूप गुप्ता, चमन अहमद, अनवर मियां सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।