शाहजहांपुर में विद्युत संविदा मजदूर संगठन ने संविदा कर्मियों को कार्यमुक्त किए जाने के विरोध में कार्य बहिष्कार कर सोमवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय में धरना दिया। कर्मियों ने सामूहिक इस्तीफा देने की चेतावनी दी है। दोपहर 12 बजे कृष्णानगर स्थित एसई कार्यालय पर संविदा कर्मी एकत्रित हुए। धरना स्थल पर हुई सभा में जिलाध्यक्ष प्रांतीय अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना ने कहा कि मध्यांचल से लगभग 20 प्रतिशत संविदा कर्मियों के पास स्मार्टफोन उपलब्ध नहीं हैं। बायोमीट्रिक डिवाइस लगाने का इंतजाम नहीं है। 55 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके संविदा कर्मियों की सेवा काल 60 वर्ष की जाएं। कार्यमुक्त किए गए कर्मियों को फिर से नौकरी दी जाए। मांग पत्र में संविदा कर्मियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, लंबित मानदेय दिलाने समेत कई मांगों को उठाया। मध्यांचल अध्यक्ष अशोक पाल, राजेश कुमार समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे। एसई जेपी वर्मा ने बताया कि कर्मियों की समस्याओं को उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है।