शाहजहांपुर में रमजान मुबारक के अंतिम जुमा पर अलविदा की नमाज अदा करने के लिए शुक्रवार को मस्जिदों में मुस्लिम समाज के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जामा मस्जिद समेत जनपद की सभी मस्जिदों में नमाज अदा की गई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा। जामा मस्जिद में दोपहर दो बजे शहर पेश इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने नमाज अदा कराई। इससे पहले उन्होंने तकरीर करते हुए रमजान के पाक महीने पर रोशनी डाली। उन्होंने सदका और जकात देने पर भी जोर दिया। इस दौरान मुल्क व कौम की तरक्की के लिए दुआ की गई। नमाज को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे। एसपी राजेश द्विवेदी, सीओ सिटी पंकज पंत ने जामा मस्जिद के पास रूट मार्च किया।