शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र के सुतनेरा गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पिता नूर मोहम्मद ने अपनी 17 वर्षीय बेटी रूबी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि नूर मोहम्मद ने बेटी को फोन पर किसी से बात करते देख गुस्से में यह कदम उठा लिया।
घटना के समय घर में केवल रूबी और उसके पिता मौजूद थे। बहू सलमा कपड़े धोने के लिए बाहर गई हुई थी। जब वह लौटी, तो देखा कि ससुर के हाथ में लाठी थी और रूबी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। सलमा ने जब पूछा कि यह क्या कर दिया, तो नूर मोहम्मद ने कहा, “जो किया, ठीक किया। तुम लोगों का इससे कोई लेना-देना नहीं है।”
पुलिस जांच में सामने आया है कि रूबी का दिल्ली में रह रहे युवक अरमान से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिवार के विरोध के बावजूद भाई कुर्बान ने दोनों का रिश्ता तय कर दिया था, लेकिन रूबी अन्य लड़कों से भी फोन पर बात करती थी। इसी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। मंगलवार सुबह जब नूर मोहम्मद खेत से लौटे, तो उन्होंने रूबी को फोन पर बात करते देखा। टोकने पर रूबी ने पिता से अपशब्द कह दिए, जिससे गुस्साए नूर मोहम्मद ने उसे लाठी से पीटना शुरू कर दिया।
लाठी के वार से रूबी का सिर फट गया और वह गिर पड़ी। गुस्से में उन्होंने लाठी उसकी गर्दन पर रख दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर एसपी राजेश द्विवेदी मौके पर पहुंचे और लाठी को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। देर शाम पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों के अनुसार, रूबी की मां की मृत्यु नौ साल पहले हो चुकी थी और नूर मोहम्मद ने ही उसे पाला था, लेकिन हाल के दिनों में पिता-पुत्री के बीच लगातार तनाव बढ़ गया था।