संतकबीरनगर। लोक आस्था का महापर्व छठ मंगलवार से नहाय खाय के साथ शुरू हो गया है। चार दिनों तक चलने वाले छठ की तैयारी पूरी हो चुकी है। बुधवार को घाटों पर ब्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसे लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तरफ से मंगलवार को पोखरों और तालाबों के किनारे बेदी की साफ-सफाई, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, रोशनी, सुरक्षा टीमों की मौजूदगी और अन्य जांच किया। मौजूद लोगों को जरूरी निर्देश दिए। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि छठ महापर्व शुद्धि और आस्था की एक अदुभद मिशाल है। यह पर्यावरण के संरक्षण का संदेश भी देता है। लोगों को समानता और सद्भाव का मार्ग दिखाता है। अमीर-गरीब सभी एक महापर्व में एक साथ घाट पर पहुंचते और अपनी श्रद्धा निवेदित करते हैं। कहा, यह पर्व प्रकृति से प्रेम को दर्शाता है। सूर्य और जल की महत्ता का प्रतीक यह पर्व पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है। ब्रती महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए तैयारियों के जायजे के साथ उचित दिशा निर्देश भी दिए गए हैं।