सहारनपुर के बेहट कस्बे मेंं मोहल्ला महाजनान में किराए के मकान में भाई के साथ रह रहे साबिर कुरैशी (25) पुत्र महफूज निवासी मोहल्ला कस्साबान पड़ोसी के घेर में सीढ़ियों के पास मृत हालत में मिला। उसका सिर फटा हुआ था और टांगे टूटी हुई थी। पशुओं को चारा डालने के लिए पहुंचे पड़ोसी सुरेंद्र किशोर ने पुलिस को सूचना दी। फोरेंसिक यूनिट की टीम ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है, कि जिस मकान में युवक रह रहा था, उसकी छत पर मृतक की एक चप्पल पड़ी थी, जबकि दूसरी चप्पल उसके शव के पास से मिली। उसका मोबाइल फोन भी शव के पास पड़ा था, जो टूटा हुआ था। सीढ़ियों पर खून लगा था। संभवतः युवक छत पर मोबाइल फोन पर बात करते हुए बराबर में घेर में नीचे गिरा होगा। घटना की जांच की जा रही है। उधर, मृतक के भाई अब्दुल्ला ने बताया, कि वह पिछले काफी समय से यहां नदीम पीरजी के मकान पर किराए पर रह रहे है। रात में सब कुछ ठीक था। साबिर भी अपने बिस्तर पर था। किस समय वह छत पर गया, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। सुबह पड़ोसी सुरेंद्र से उन्हें घटना की जानकारी मिली।