सहारनपुर। नागल कस्बे के बस स्टैंड पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग को लेकर भाकियू रक्षक कार्यकर्ताओं का धरना दसवे दिन भी जारी रहा। धरने पर कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए जल्द समाधान की मांग की।इस दौरान प्रदेश प्रभारी जितेंद्र चौधरी ने कहा कि शासन-प्रशासन संगठन के धैर्य की परीक्षा न ले। यदि समय रहते मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही धरना स्थल पर क्षेत्र के लोगों की एक पंचायत आयोजित कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।उन्होंने कहा कि संगठन जनहित में फ्लाईओवर की मांग कर रहा है। आए दिन हो रहे सड़क हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है, जिससे उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र समस्या का समाधान करना चाहिए।धरने में मुख्य रूप से राहुल फौजी, बिल्लू त्यागी, सत्तार अली, मुस्तकीम, हरपाल सिंह, मोना सैनी, अमरीश मलिक, रविंद्र खेड़ी, विपिन सैनी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।