सहारनपुर में गंगोह पुलिस और बदमाशों के बीच आलमपुर तिराहे पर मुठभेड़ हो गई। इस दौरान लूट के मुकदमे में वांछित बदमाश बिलाल उर्फ बिल्ला निवासी मोहल्ला मोहम्मद गौरी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके से तमंचा, कारतूस, लूट की रकम और चोरी की बाइक बरामद की गई है। सीओ शशिप्रकाश शर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस ने आलमपुर तिराहे के पास संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश बिलाल उर्फ बिल्ला पुत्र दिलशाद निवासी मोहल्ला मोहम्मद गौरी, गंगोह के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसका एक साथी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा और कारतूस, लूट से संबंधित 2800 रुपये और बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बिलाल पर थाना गंगोह में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है।