सहारनपुर जनपद के नागल में गांव शीतलाखेड़ा के जंगल में संरक्षित पशु के कटान की सूचना पर पहुंची पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में नन्हेड़ा बुड्ढाखेड़ा निवासी नौशाद तथा साधारणसिर निवासी शाहनवाज के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए, जबकि अंधेरे का लाभ उठाकर भाग रहे पहाड़पुर निवासी नौशाद को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जिंदा संरक्षित पशु, दो मोटरसाइकिल, एक तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा कटान में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ देवबंद अभितेष सिंह ने बताया कि बुधवार रात थाना प्रभारी राजकुमार चौहान एवं गांगनौली चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ शीतलाखेड़ा के निकट हाईवे पर संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान ईंख के खेत से संरक्षित पशु के कराहने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि एक अन्य को पीछा कर पकड़ लिया गया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।