सहारनपुर में शनिवार सुबह स्कॉर्पियो और स्विफ्ट डिजायर की आमने-सामने की टक्कर में आईटीबीपी के डीआईजी परमेन्द्र सिंह और उनके चालक रवि शंकर की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अपनी लेन से दूसरी लेन में चली गई स्कॉर्पियो पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:15 बजे स्कॉर्पियो के पलटने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आईटीबीपी के डीआईजी परमेन्द्र सिंह, जो श्रीनगर सेक्टर जम्मू-कश्मीर में तैनात थे, अपने सरकारी वाहन से हमराहियों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक असंतुलित होकर अपनी लेन से दूसरी लेन में चला गया और सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर से टकरा गया। DIG और चालक की मौत, चार घायल हादसे के बाद पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने डीआईजी परमेन्द्र सिंह और उनके चालक रवि शंकर को मृत घोषित कर दिया। हादसे में डीआईजी का एक हमराही और स्विफ्ट डिजायर सवार तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी का उपचार चल रहा है। घायलों के बेहतर उपचार के लिए पुलिस के उच्चाधिकारियों और चिकित्सकों के बीच समन्वय किया जा रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम समेत अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस अधीक्षक यातायात ने हादसे को लेकर जानकारी दी है।