सावन शिवरात्रि पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए गंगोत्री और हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकले डाक कांवड़ियों की वापसी शुरू हो गई है। सहारनपुर में सोमवार को डाक कांवड़ियों के कई जत्थे महानगर के विभिन्न मार्गों से होकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए। तेज रफ्तार से आगे बढ़ते कांवड़ियों के जत्थों के चलते सड़कों पर माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया। बड़ी संख्या में युवा डाक कांवड़ यात्रा में शामिल हैं। कुछ कांवड़िये पैदल तो कई वाहन के साथ तेजी से अपने-अपने क्षेत्र के शिवालयों की ओर लौट रहे हैं।