सहारनपुर में नकुड़ के एक कोचिंग सेंटर से ट्यूशन पढ़कर गांव लौट रही छात्रा से मोबाइल झपटने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया मोबाइल, तमंचा, कारतूस व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। बता दें कि गत 28 जून को गांव सरूरपुर तगा निवासी दो छात्राएं नगर के एक कोचिंग सेंटर में ट्यूशन पढ़कर अपने गांव जा रही थी। शाम करीब चार बजे जैसे ही वह जुड्डी रोड स्थित मेहर नगर काॅलोनी के पास पहुंची तो पीछे से आये बाइक सवार दो बदमाशों ने एक छात्रा का मोबाइल छीन लिया था और वापस नकुड़ की तरफ भाग गए थे। पीड़िता छात्रा के पिता ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करायी थी, जिसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई थी। सीओ एसएन वैभव पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने अंकित पुत्र रामपाल व पिंटू पुत्र पवन कुमार निवासी गांव रनियाला दयालपुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल, तमंचा, कारतूस व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों अपने नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी, लूट व झपटमार आदि घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। सीओ ने बताया कि उक्त अंकित के खिलाफ पहले से नकुड़ कोतवाली में दो मुकदमें लूट आदि के दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया है।