बेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव कादरपुर में रविवार रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर मां-बेटे को लहूलुहान कर लूटपाट की। बदमाश महिला के कानों से कुंडल खींच ले गए और 52 हजार कैश लूटकर फरार हो गए। मोहर सिंह (60) घर के बरामदे में सो रहे थे और उनकी मां कैलाशो (80) कमरे में थीं। मोहर सिंह की पत्नी की मौत हो चुकी है, जबकि दोनों अविवाहित बेटे जम्मू व हरियाणा में नौकरी करते हैं। रात करीब एक बजे तीन-चार बदमाश घर में घुसे और बरामदे में सो रहे मोहर सिंह के सिर पर किसी हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। बदमाश मोहर सिंह को खींचकर अंदर कमरे में ले गए, जहां उनकी मां सोयी हुई थीं। बदमाशों ने बुजुर्ग कैलाशो को उठाया और उनके कानों से कुंडल खींच लिए। उसके बाद पूरा कमरा खंगाला। करीब दो बजे मोहर सिंह का चचेरा भाई सुशील जो कि उनका पड़ोसी भी है, शौच के लिए बाहर आया। उसने कैलाशो और मोहर सिंह के दर्द से करहाने की आवाज सुनी। सुशील ने अंदर जाकर देखा तो दोनों खून से लथपथ पड़े थे। मोहर सिंह का बिस्तर भी खून से सना हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। उसने तुरंत गांव में सूचना दी और इसके बाद पुलिस को खबर की। ग्रामीणों की भीड़ और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों को सीएचसी लेकर आई। सीओ अभितेष सिंह ने रात में ही पहुंचकर घटना की जानकारी की। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही मोहर सिंह ने करीब 52 हजार का भैंसा बेचा था। शायद बदमाशों को इसकी जानकारी थी। घटना की जांच की जा रही है। अभी पीड़ितों से भी जानकारी ली जाएगी।