सहारनपुर। मिर्जापुर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो हिस्ट्रीशीटर गौकशों को पकड़ा है। भागने पर पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गए जिनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोकशों के पास से गौकशी करने के उपकरणो सहित तमंचे, कारतूस बरामद हुए है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि उपनिरीक्षक बिजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ रायपुर मोड़ पर वाहनों को चेकिंग कर रहे थे पुलिस को गांव नौशेरा की तरफ से एक सिल्वर रंग की बाइक पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए उनको चेकिंग लिए जैसे ही रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए गांव शाहपुर बाँस के रास्ते से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया तो दूसरी तरफ से कोतवाली प्रभारी अजय कुमार और हथनीकुण्ड चौकी इंचार्ज सत्येन्द्र शर्मा मय पुलिस टीम के आने से बदमाश बौखला गए और उन्होंने अपनी बाइक बाजपुर स्टोन क्रेशर की ओर जंगल की तरफ मोड़ दी। पुलिस टीम द्वारा बदमाशों का पीछा किया गया और मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। दोनों की पहचान जावेद पुत्र रहीश निवासी महमूदपुर मजरा, नदीम पुत्र समीम निवासी रायपुर के रूप में हुई। दोनों थाना मिर्जापुर के हिस्ट्रीशीटर है इनके खिलाफ आधा दर्जन से भी अधिक एनडीपीएस, गौकशी के मुकदमे दर्ज है और पहले भी कई बार जेल जा चुके है।