सहारनपुर में नकुड़ में शुक्रवार देर रात सहारनपुर रोड पर हुए अलग-अलग हादसों में एक पत्रकार सहित पांच लोग घायल हो गए। दो की गंभीर हालत के जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि तीन को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। शुक्रवार देर रात पहला हादसा सहारनपुर रोड स्थित गांव बांदूखेड़ी के पास हुआ। नकुड़ निवासी पत्रकार फरमान निजामी मोहल्ला सरोज्ञान निवासी अनस के साथ स्कूटी से नकुड़ आ रहा था। स्कूटी अनस चला रहा था। बताया कि जैसे ही वह गांव बांदूखेड़ी-फंदपुरी के बीच पहुंचे तो सामने से आ रहे स्कूटर वाले जुगाड़ रेहड़े से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा दूसरा हादसा रात में करीब साढ़े नौ बजे गांव सढोली के पास हुआ। इस हादसे में एक बाइक पर सवार होकर तीन पीआरडी जवान जगदीश प्रसाद निवासी गांव फेरूमाजरा, धर्मवीर सिंह निवासी शुक्रताल व अनिल कुमार निवासी अघ्याना सहारनपुर के कुतुबशेर थाने में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जैसे ही यह गांव सढोली के पास पहुंचे तो वहां सड़क किनारे खड़े दो व्यक्तियों को बचाने के चक्कर में बाइक असंतुलित हो गई और तीनों सड़क पर गिरने से चोटिल हो गए। सीएचसी से तीनों जवानों को उपचार के बाद घर भेज दिया है।