सहारनपुर में सोमवार को ईद उल फितर का त्योहार जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। महानगर की ईदगाह में शहर काजी नदीम अख्तर ने ईद उल फितर की नमाज अदा कराई। उन्होंने कहा कि जिसने अल्लाह को छोड़ दिया उसे अल्लाह ने छोड़ दिया। सड़कों पर नमाज पढ़ने पर उन्होंने कहा कि यह भी अल्लाह की ही मर्जी है कि आप अपने ही जमीन पर नमाज अदा करें। उन्होंने मुल्क में अमन चैन और तरक्की की दुआ की। उन्होंने कहा कि अल्लाह हमें इस काबिल बनाए की हम अपने मुल्क की तरक्की में सहयोग करें। नमाज के बाद लोगों ने तिरंगा फहराकर हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए। इस दौरान हजारों की संख्या में नमाजी मौजूद रहे। ईद की नमाज के बाद एक दूसरे के गले मिलकर ईद उल फितर की मुबारकबाद दी गई। इस दौरान ईदगाह में भीड़ होने के चलते नमाजियों को इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान में भेजा गया। कुछ लोगों ने ईदगाह में नमाज पढ़ने की बात कही जिस पर उन्हें समझकर इस्लामिया इंटर कॉलेज भेज गया। फिलिस्तीन के समर्थन में कुछ लोगों ने नमाज अदा करने के बाद फिलिस्तीन का झंडा भी लहराया। नमाज से पहले जिन लोगों ने फितर को अदा नहीं किया था उन्होंने फितरे की रकम को अदा किया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल पर्याप्त संख्या में मौजूद रहे। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने जिलाधिकारी मनीष बंसल और एसएसपी रोहित सिंह साजवान को पटका पहनाकर सम्मानित किया।